संभल। बिजली आपूर्ति में समस्या पर भाकियू के पदाधिकारी और सदस्य बुधवार को अधिशासी अभियंता से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
भाकियू पदाधिकारियों ने ज्ञापन में बताया कि एंचोड़ा कंबोह, हातिमसराय एवं भवानीपुर उप केंद्र से जुड़े गांवों के किसान एवं ग्रामीण लंबे समय से अनियमित आपूर्ति से जूझ रहे हैं।
एंचोड़ा कंबोह के हरिपुर फीडर पर ट्यूबवेल एवं घरेलू आपूर्ति में कटौती की जा रही है। उपकेंद्र हातिमसराय के अंतर्गत मदाला ग्रामीण फीडर पर बिना शेड्यूल के आपूर्ति की जा रही है। किसानों एवं ग्रामीणों में रोष है। हातिमसराय उपकेंद्र के अंतर्गत कार्यरत एक लाइनमैन मनमानी कर रहा है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ है। एंचोड़ा कंबोह, हातिमसराय एवं भवानीपुर से अघोषित कटौती तत्काल बंद की जाए। सभी फीडरों पर निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अगर किसी तकनीकी कारण से कटौती आवश्यक होने पर उसकी पूर्व सूचना उपभोक्ताओं को दी जाए। क्षेत्रीय लाइनमैन की कार्यप्रणाली में सुधार हो। अगर ऐसा नहीं होता है तो भाकियू आंदोलन करेगी। भाकियू के मंडलीय सचिव रामवीर त्यागी के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया।