संभल के चंदौसी में भाजपा के क्षेत्रीय सह संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ विकास वार्ष्णेय और पूर्व जिला मंत्री महिला मोर्चा बबीता शर्मा को पार्टी ने छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उन पर भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ाने व पार्टी गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कुछ और पदाधिकारियों की पार्टी हाईकमान को रिपोर्ट भेजी है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
बहजोई नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए विकास वार्ष्णेय और बबीता शर्मा टिकट मांग रही थी। विकास वार्ष्णेय टिकट की दौड़ में थे, आखिरी समय में पार्टी ने विकास वार्ष्णेय पर पूर्व चेयरमैन राजेश शंकर राजू को वरियता देकर उन्हें प्रत्याशी घोषित कर दिया था। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया की ओर से एक पत्र जारी किया गया है। पत्र में विकास वार्ष्णेय और बबीता शर्मा पर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ाने, पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने का आरोप है। उन्होंने दोनों पदाधिकारियों को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित करने का आदेश जारी किया है।
पार्टी से निष्कासित किए जाने की उन्हें अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। वह पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। विधानसभा चुनाव, निकाय चुनाव सभी पूर्ण समर्थन के साथ लड़ाए हैं और प्रचार के प्रत्याशियों के साथ फोटो भी मेरे पास उपलब्ध हैं। यह कार्रवाई राजनीति प्रतिद्वंद्वता के चलते की गई। विकास वार्ष्णेय, क्षेत्रीय सह संयोजक आर्थिक प्रकोष्ठ।
कई अन्य भी रिपोर्ट भेजी पार्टी हाईकमान को, कार्रवाई तयः
निकाय चुनाव में बहजोई व चंदौसी में अध्यक्ष पद के लिए कई लोग दावेदार थे। प्रत्याशियों की सूची घोषित होने के बाद कुछ दावेदारों ने नाराजगी व्यक्त की। क्षेत्रीय अध्यक्ष, सांसद, कैबिनेट मंत्री, जिला प्रभारी को मनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष ने अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ जाने, भितरघात करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी थी। पार्टी हाईकमान के आदेश पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमवीर खड़गवंशी ऐसे पदाधिकारियों की सूची तैयार की है, जिन्होंने भाजपा प्रत्याशी को चुनाव नहीं लड़ाया था। साथ ही इसकी रिपोर्ट भी पार्टी हाईकमान को भेजी है। दो पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हो गई। कुछ अन्य के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।
पार्टी प्रत्याशी का चुनाव न लड़ाने व पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के मामले में कुछ पदाधिकारियों की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को भेजी है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई तय है। विकास वार्ष्णेय और बबीता शर्मा को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। उनके निष्कासन का पत्र मुझे मिल चुका है। ओमवीर सिंह खड़गवंशी, जिलाध्यक्ष भाजपा