संभल। भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों के चलते प्रदेश में जिला पंचायत और ब्लाक प्रमुख पद के लिए हुए चुनावों में भारी जीत मिली है। प्रदेश की जनता खुश है और वह आगे भी इस तरह की नीतियां और विकास कार्य चाहती है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष/जिला प्रभारी देवेंद्र सिंह ने यह बात कही।
देवेंद्र सिंह सोमवार को संभल के एकता बिहार में स्थित भाजपा के जिला कार्यालय पर प्रेसवार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माफियाओं का राज खत्म किया है। रामराज्य की स्थापना कर प्रदेश में सुरक्षा का एहसास कराया है। जिले के कुल आठ ब्लाकों में चार पर भाजपा ने विजय पताका फहराया। इसमें दो निर्विरोध भी हुए। जिला प्रभारी ने बताया कि असमोली ब्लाक प्रमुख बनी निर्दलीय संतोष ने अब भाजपा का दामन थामा है। हालांकि संतोष के पति प्रभाकर चौधरी पहले से ही भाजपा के कार्यकर्ता रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में फि से भाजपा की सरकार बनेगी। इस दौरान प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री गुलाब देवी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी, हरेंद्र सिंह रिंकू, अर्जुन बाल्मीकि, चौधरी प्रभाकर, कपिल सिंघल, ह्देश यादव, संजय सांख्यधर, शुभम अग्रवाल आदि मौजूद रहे।