संभल। नखासा थाना क्षेत्र में सभल-हसनपुर मार्ग किनारे स्थित गांव सिंहपुरसानी में पेट्रोल पंप परिसर में खड़ी भाजपा के जिलामंत्री सोनू चाहल की डस्टर कार में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस व मौके पर पहुंची दमकल कर्मियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया।
नखासा थाना क्षेत्र के गांव चंदावली के निवासी भाजपा के जिलामंत्री सोनू चाहल मंगलवार की देर रात नौ बजे संभल से अपनी डस्टर कार में सवार होकर गांव सिंहपुरसानी में स्थित पेट्रोल पंप पहुंचे। यहां संभल हसनपुर मार्ग के पास पेट्रोलपंप परिसर में कार खड़ी कर भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए चले गए। इसके कुछ देर बाद ही अचानक से कार में शॉर्ट सर्किट हो गया। आग लगी तो अफरा तफरी मच गई। फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल गई थी। संवाद