संभल। संभल-हसनपुर मार्ग पर बुधवार की सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी मोनू सैनी (25) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका दोस्त पवन सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही कार कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला नई बस्ती निवासी मोनू सैनी और पवन सैनी पड़ोसी होने के साथ ही अच्छे दोस्त हैं। परिजनों ने बताया कि बुधवार की सुबह दोनों किसी काम से गजरौला जा रहे थे। संभल-हसनपुर मार्ग पर गांव कुरकावली के पास पीछे से आए तेज रफ्तार कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पवन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार मौके पर छोड़कर भाग गया। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चालक की तलाश की जा रही है।
तीन माह बाद ही उजड़ा सुहाग
परिजनों ने बताया कि मोनू की शादी तीन माह पहले ही सीमा के साथ हुई थी। पत्नी पहली रक्षाबंधन को लेकर तैयारियों में जुटी थी। बुधवार को जैसे ही हादसे में पति की मौत की खबर मिली तो सीमा बेहोश हो गई। जबकि अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। शादी के तीन माह बाद ही सीमा का सुहाग उजड़ गया। ढाढस बंधाने वालों की आंखों भी नम हो गईं।