चंदौसी। बाइक सवार लुटेरों ने पत्नी के साथ टहलने जा रहे अधिवक्ता के गले से सोने की चेन खींचने का प्रयास किया। हालांकि अधिवक्ता की सतर्कता के चलते लुटेरे कामयाब नहीं हो सके। अधिवक्ता ने कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला लोधियान निवासी अधिवक्ता अशोक कुमार पुत्र स्व. देवीदास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी सुमन के साथ खाना खाकर टहल रहे थे। जैसे ही स्टेशन रोड स्थित भगत सिंह स्मारक पर पहुंचे। उसी समय तेज रफ्तार में एक बाइक उनके पास आकर धीमी हुई। बाइक पर तीन युवक सवार थे। पीछे बैठा युवक सफेद शर्ट पहने था और गले में गमछा पड़ा था। बीच में मैरून रंग की शर्ट पहने युवक ने उनकी गर्दन पर झपट्टा मार कर गले में पड़ी डेढ़ तोला सोने की चेन खींचने का प्रयास किया। पीड़ित ने बताया कि युवक के झपट्टा मारने से उन्हें चक्कर आ गए। जब तक उन्होंने खुद को संभाला। तब तक बाइक सवार दूर जा चुके थे। हालांकि वह चेन नहीं ले जा पाए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।