गवां। रजपुरा थाना क्षेत्र के गवां-अनूपशहर मार्ग पर टी प्वाइंट पुलिस चौकी के नजदीक बेकाबू मैक्स पिकअप ने बाइक पर सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। जिसमें एक महिला समेत दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
अमरोहा जनपद के थाना रहरा अंतर्गत इकौना गांव निवासी राजू (26) पुत्र किशनपाल, मुनेश (34) पुत्र अचनी और मुनेश की पत्नी सर्वेश (31) शनिवार की सुबह 10 बजे के करीब बाइक से बुलंदशहर के गुहावटी ईंट भट्ठा पर मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही रजपुरा क्षेत्र के गवां-अनूपशहर मार्ग पर टी प्वाइंट पुलिस चौकी के नजदीक पहुंचे तो उसी समय सामने से आ रही बेकाबू मैक्स पिकअप ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। जिसमें बाइक पर सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घायलों को बुलंदशहर जिले के अनूपशहर की सीएचसी में भर्ती कराया है। जहां महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।