जुनावई (संभल)। मेरठ-बदायूं हाईवे पर गांव फतेहपुर गांव के पास बुधवार की सुबह अज्ञात वाहन बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बबराला के मोहल्ला कल्लू नगला निवासी विशाल उर्फ बंटी (29) की मौत हो गई। मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
बबराला के मोहल्ला कल्लू नगला निवासी विशाल उर्फ बंटी की शादी तीन माह पहले चंदौसी निवासी प्रीति के साथ हुई थी। करीब दो माह से बंटी ससुराल में ही रह रहा था। परिजनों ने बताया कि मंगलवार की रात 11:30 बजे करीब विशाल ने अपने भाई जयप्रकाश को फोन कर चंदौसी से ले जाने की बात की थी। रात ज्यादा होने की बात कहते हुए भाई ने सुबह ले जाने की बात कही।
बुधवार की सुबह पांच बजे करीब विशाल जुनावई थाना क्षेत्र के मेरठ-बदायूं हाईवे बैरपुर फतेहपुर गांव के नजदीक मृत पड़ा मिला। पास ही क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी वाहन की टक्कर से मौत हुई है। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विशाल के पास मिले मोबाइल से परिजनों को जानकारी दी। मृतक के भाई मोहर पाल ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी उमेश सिंह सोलंकी ने बताया जांच की जा रही है। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तो बबराला क्यों नहीं रुका विशाल, जांच में जुटी पुलिस
मृतक विशाल के भाई जयप्रकाश ने बताया विशाल दो माह से ससुराल में ही रह रहा था। उसने मंगलवार की रात उसे फोन से बबराला घर ले जाने की बात कही थी। रात होने की वजह से उसने सुबह आने की बात कही। जयप्रकाश ने बताया कि विशाल खुद ही बाइक से बबराला के लिए आया था तो बबराला न रुककर बदायूं की तरफ कहां जा रहा था। जबकि इस तरफ हमारी रिश्तेदारी भी नहीं है।