बहजोई (संभल)। डग्गामार बस की टक्कर से कार सवार जिला बदायूं के थाना उघैती के गांव चाचीपुर निवासी सेवानिवृत्त एचसीपी मोहरपाल व उनका बेटा विकास घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसा कलक्ट्रेट के सामने हाईवे पर हुआ। बुधवार को दोपहर करीब सवा बजे डग्गामार बस ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में जिला बदायूं के थाना उघैती के गांव चाचीपुर निवासी सेवानिवृत्त एचसीपी मोहरपाल व उनका बेटा विकास घायल हो गए। कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बस का भी अगला हिस्सा साइड से टूट गया। हादसे के बाद आसपास लोगों की भीड़ लग गई। प्रभारी इंस्पेक्टर हरीश कुमार ने बताया कि हादसे के दोनों घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल चालक पुलिस हिरासत में है और बस को भी कब्जे में लिया गया है।