संभल में हस्तशिल्प उत्पाद।
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला संभल
तमाम उत्पाद ऐसे हैं जिन्हें चीन सस्ते दाम में विश्व के बाजारों में भेज रहा है। इसके अलावा हस्तशिल्पियों और उद्यमियों के लिए कुछ चुनौतियां हैं। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद ने चुनौतियों का समाधान निकालने और भारतीय हस्तशिल्प को नई ऊंचाईं तक ले जाने के लिए एक नई पहल की है। यह पहल हस्तशिल्प उत्पादों को विश्व बाजार में जगह दिलाने के लिए भी है।
ईपीसीएच के अधिशासी निदेशक राकेश कुमार ने निर्यातकों को आकर्षक डिजाइन बनाने के लिए तकनीकी और मशीनी सहयोग देने का निर्णय लिया है। इस संबंध में निर्यातकों से सुझाव और सहयोग भी मांगा है क्योंकि विदेशी खरीदार लंबे समय से एक जैसे परंपरागत डिजाइन और प्रयोग देख कर ऊब चुके हैं। हाल में ही ग्रेटर नोएडा के हस्त शिल्प उपहार मेले में यह बात विदेशी व्यापारियों ने भारतीय निर्यातकों से खुलकर कही थी। इस पर ईपीसीएच ने मंथन किया और इसके बाद नए डिजाइन विकसित कराने और कुछ नए प्रयोगों क लिए पहल की।
हस्तशिल्प उप्पादों के स्थानीय निर्यातक कमल कौशल वार्ष्णेय ने बताया कि विश्व के बाजार में हमेशा नए प्रोडक्ट का स्वागत होता रहा है। हम लोग भी हर वर्ष कुछ न कुछ नया करते हैं लेकिन उपलब्ध संसाधनों और जानकारियों में प्रयोग सीमित ही है। पर ईपीसीएच जैसी बड़ी संस्था के प्रयास नया आयाम देंगे।