जुनावई। ब्लॉक क्षेत्र के तीन गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को बीईओ ने बुधवार को बंद करा दिया है। गांव करियामई का एक विद्यालय और रिबाड़ा रोड के सरस्वती आदर्श पब्लिक स्कूल और गंगोत्री पब्लिक स्कूल के संचालकों द्वारा मान्यता के कागजात नहीं उपलब्ध कराए जाने पर कार्रवाई की गई है।
ब्लाॅक क्षेत्र में बिना मान्यता के दो दर्जन से अधिक विद्यालय चल रहे थे। करीब दो माह पहले बीईओ अंशुल कुमार ने बिना मान्यता प्राप्त 20 विद्यालयों को बंद करा दिया था जबकि कार्रवाई किए जाने के बाद नौ विद्यालयों के संचालकों द्वारा स्कूल दोबारा से खोलने पर उन पर एक-लाख रुपये का जुर्माना अदा करने की कार्रवाई की गई थी। वहीं कुछ लोगों ने जुर्माना अदा किए बगैर ही फिर से विद्यालयों को संचालित करना शुरू कर दिया। बुधवार को बीईओ अंशुल कुमार ने गांव करियामई गांव के एक विद्यालय, रिबाड़ा रोड पर सरस्वती आदर्श पब्लिक स्कूल और इसके नजदीक ही गंगोत्री पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया। जब तीनों स्कूल के संचालकों से उनके विद्यालय मान्यता के बीईओ ने दस्तावेज मांगे तो तीनों स्कूल संचालक कागज नहीं दिखा पाए। इस पर बीईओ ने तीनों स्कूलों को बंद करा दिया। साथ ही नजदीक के ही प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को बंद कराए गए स्कूलों के बच्चों के एडमिशन करने के बीईओ ने आदेश दिए।
..................
बीते दो-तीन महीने पहले छापा मार कर गैर मान्यता के 20 विद्यालयों को बंद कर दिया गया था। इनमें नौ विद्यालयों को दोबारा से संचालित करने पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था। जुर्माना लगाए जाने के बाद भी किसी भी विद्यालय के संचालक के द्वारा जुर्माना नहीं जमा किया गया। बल्कि इन संचालकों ने दोबारा से विद्यालयों को संचालित कर लिया। ऐसे सभी विद्यालयों को बंद कराए जाने के साथ ही एक-एक लाख रुपये जुर्माना वसूल किया जाएगा।