बीएसए दफ्तर के प्रधान सहायक की तहरीर पर पुलिस ने बहजोई के बीईओ के खिलाफ मारपीट और हत्या की कोशिश की एफआईआर दर्ज की है। एफआईआर में कई अज्ञात लड़के भी शामिल हैं। बीते दिनों बीएसए दफ्तर के बाहर हुई मारपीट में एसपी के आदेश पर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दफ्तर के प्रधान सहायक संजीव सिंह पुत्र इंद्रपाल सिंह निवासी सूरज नगर (पीतल बस्ती, थाना कटघर, जिला मुरादाबाद) ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। इस पर एसपी के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि, संजीव सिंह जिलाधिकारी के आदेश पर कई माह से मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में संबद्ध हैं। 23 फरवरी 2017 को सुबह 10 बजे के करीब खंड शिक्षा अधिकारी बहजोई कोमल यादव ने कुछ अज्ञात लड़कों के साथ मिलकर बीएसए कार्यालय के गेट पर उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की।
इस बीच एक अज्ञात युवक ने उसके सीने पर तमंचे से फायर भी किया, गनीमत रही कि फायर मिस हो गया। कोतवाल धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्रधान सहायक की तहरीर के आधार पर बीईओ के खिलाफ मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।
साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी कोमल यादव का कहना है कि मनगढ़ंत कहानी बनाकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। ऐसे पूरे मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है और न ही यह पूरा मामला उनके संज्ञान में है।