बहजोई स्थित कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को होने वाली बीएड की प्रवेश परीक्षा को लेकर डीएम ने अधिकारियों के साथ बैठक नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। जनपद में परीक्षा के लिए कुल सात सेंटर बनाए गए हैं।
बैठक में डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्र पर केवल स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक, सेक्टर मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापक ही फोन ले जा सकेंगे। किसी भी परीक्षा केंद्र पर मोबाइल व किसी भी प्रकार की डिवाइस उपलब्ध नहीं होगी, चाहे वह हाथ की घड़ी ही क्यों ना हो। परीक्षा केंद्रों के पास 500 मीटर के दायरे में कोई भी फोटोकॉपी की दुकान नहीं खोली जाएगी। पहली पाली का पेपर सुबह 7:30 बजे तक सेंटर पर पहुंचेगा व दूसरी पाली का पेपर सुबह 11:30 बजे तक प्रत्येक सेंटर पर पहुंचेगा। इस दौरान रुहेलखंड यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधि कौशल कुमार, एडीएम कमलेश कुमार अवस्थी, परियोजना निदेशक डीआरडीए रमेश चंद, डिप्टी कलेक्टर सुनील कुमार त्रिवेदी, सभी एसडीएम, बीएड प्रवेश परीक्षा के नोडल अधिकारी, उप नोडल अधिकारी प्रभा शर्मा, कृषि उपनिदेशक हीरा सिंह जीना आदि मौजूद रहे।