संभल। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा संभल के चार केंद्रों पर दो पालियों में होगी। रविवार को पहली पाली सुबह नाै से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने कड़े इंतजाम किए हैं। बायोमेटि्रक मिलान के बाद ही अभ्यर्थी को कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की ओर से बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराई जा रही है। इसके लिए संभल के एमजीएम महाविद्यालय, राजकीय महाविद्यालय हयातनगर, शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज और हिंद इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया है। इन केंद्रों पर 1541 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के समन्वयक प्रोफेसर डॉ.योगेंद्र सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों के जरिए विश्वविद्यालय में बने सेंट्रल कमांड कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। वहीं से हर केंद्र की गतिविधियों पर सीधे नजर रखी जाएगी। फर्जी परीक्षार्थियों (सॉल्वर) को पकड़ने के लिए केंद्रों पर अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक मिलान अनिवार्य है। नकल रोकने के लिए जिला स्तर पर विशेष उड़न दस्तों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए दो केंद्र पर एक-एक केंद्र प्रतिनिधि की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। परीक्षा के प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने कहा कि परीक्षा केंद्र पर एक घंटे पहले अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट पहले परीक्षा कक्ष में ओएमआर शीट मिलेगी। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद तक अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिल सकेगा। बताया कि परीक्षा केंद्र से 500 मीटर की परिधि में आने वाले सभी फोटो कॉपी की दुकानें बंद रहेंगी। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि सुबह की पारी का पेपर जिला कोषागार से सुबह पांच बजे और दूसरी पारी का सुबह नाै बजे खोलकर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। परीक्षा के समय छात्र-छात्राओं को दी जाने वाली ओएमआर सीट तीन प्रतियों में होगी।
000000
गलत उत्तर पर होगी निगेटिव मार्किंग
प्रोफेसर डॉ.योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रत्येक पाली की परीक्षा में 100-100 प्रश्न आएंगे। प्रत्येक प्रश्न दो अंक का होगा। यदि उत्तर गलत होता है, तो एक तिहाई अंक काटे जाएंगे।
00000
सेंट्रल कमांड कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा को पूरी तरह से नकल विहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने कड़ी रणनीति तैयार की है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक करके जोनल मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक समेत अन्य अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता मिली तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।