संभल। बिना हेलमेट के बाइक सवारों को पेट्रोल नहीं दिया जाना है। इसके लिए सभी पेट्रोल पंप पर आपूर्ति विभाग की ओर से नोटिस और बैनर लगवा दिए हैं। इसके बाद भी इस आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। लोग बिना हेलमेट के ही पेट्रोल लेने आ रहे हैं और सेल्समैन इन्हें पेट्रोल दे भी रहे हैं। इस तरह की तस्वीरें सभी पेट्रोल पंप पर सामने आई हैं।
दरअसल, आए दिन हो रही मार्ग दुर्घटनाओं में ज्यादातर बाइक सवार ही गंभीर रूप से घायल होते हैं। कई बार उन्हें अपनी जान से भी हाथ धोना पड़ता है। इन दुर्घटनाओं में होने वाली मौत को कम करने के लिए शासन की ओर से पेट्रोल पंप संचालकों को आदेश जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि बिना हेलमेट लगाए यदि कोई बाइक सवार पेट्रोल लेने आता है तो उसे पेट्रोल न दें। शासन के इस आदेश का धरातल पर असर होता नहीं दिख रहा है।
संभल में हल्लू सराय से लेकर चंदौसी चौराहे के आसपास तक स्थित कई पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर पड़ताल की गई। जहां बिना हेलमेट बाइक चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा था। यह मात्र बानगी है। जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट बाइक सवारों को पेट्रोल भराते देखा जा सकता है। साथ ही, बिना रोक-टोक पेट्रोल पंप कर्मी भी वाहन चालकों को पेट्रोल दे रहे हैं।