संभल। ईद के मौके पर दो दिन पहले संभल के मुख्य बाजार में ई-रिक्शा के प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी जाएगी। बाइकों के आवागमन पर सख्ती रहेगी। बाजार से पहले ही इन्हें पार्क कराने के लिए नगर पालिका प्रशासन और यातायात पुलिस ने पार्किंग की तैयारी की है।
यातायात पुलिस प्रभारी अनुज मलिक ने बताया कि वाहनों को संभल नगर पालिका परिषद के खाली मैदान में पार्क कराया जाएगा। शंकर चौराहे से अंदर की ओर कोई भी ई-रिक्शा नहीं जाने दिया जाएगा। डाकखाना रोड पर जामा मस्जिद के निकट भी यही व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा नखासा चौराहे पर ई-रिक्शाओं को रोका जाएगा।
वहीं रायसत्ती की ओर से आने वाले ई-रिक्शा भी बाजार में नहीं जाने दिए जाएंगे। मालूम हो कि ईद नजदीक है। हालांकि, यह कब है, इसकी कोई तिथि तय नहीं हुई है लेकिन लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है। मुस्लिम समुदाय के लोग खरीदारी के लिए बाजार में पहुंच रहे हैं। इस कारण भीड़-भाड़ का माहौल है।