संभल-मुरादाबाद मार्ग पर सिरसी में हुए गड्ढे से लोगों को बचाने के लिए पुलिस ने लगाया बैरियर।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। सिरसी में संभल-मुरादाबाद मार्ग पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। हादसा होने का अंदेशा हर समय बना रहता है। गड्ढों को लेकर लोक निर्माण विभाग के अफसर मौन हैं। न किसी को जान की परवाह है और न गड्ढों को ठीक कराने की। पुलिस ने एक गड्ढे में बैरियर लगाया है। जिससे लोगों को गड्ढे का पता चल सके और हादसा होने से बच सके।
दरअसल, जब से संभल-मुरादाबाद मार्ग फोरलेन हुआ तब से ही सिरसी में कहीं न कहीं गड्ढे हैं। रेलवे क्रासिंग पर कभी गड्ढे खत्म नहीं हुए। यही हाल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने और जवाहरलाल मेमोरियल इंटर कालेज के सामने का है। थोड़ी सी आगे मुरादाबाद की ओर चलने पर तो बड़ा गड्ढा है। सवाल यह है कि गड्ढों को लेकर विभाग सक्रिय क्यों नही है। या फिर विभाग को किसी अनहोनी का इंतजार है। यही नहीं जब सड़क में गड्ढे हुए इतने दिन बीत गए तो इसके बावजूद अफसर सजग क्यों नही है।