फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sambhal News: लोगों को जाम से बचाने के लिए ऑटो-ई रिक्शा को दिए जाएंगे विशेष नंबर

Fri, 20 Nov 2026 12:28 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संभल
विज्ञापन
विज्ञापन
चंदौसी। शहर में यातायात जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, जिससे नगरवासियों को रोजाना जूझना पड़ रहा है। कब्रिस्तान रेलवे फाटक और मुख्य बाजारों में स्थिति सबसे खराब है, जहां वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इस समस्या से निपटने के लिए यातायात पुलिस उपाधीक्षक स्तुति सिंह ने एक योजना तैयार करने की बात कही है। बताया कि ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन के लिए विशेष नंबर दिए जाएंगे। इन नंबरों के आधार पर रूट तय किया जाएगा।
विज्ञापन

कब्रिस्तान रेलवे फाटक पर ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होने पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। फाटक खुलने के बाद भी यातायात सामान्य होने में आधा घंटा लग जाता है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है। वहीं, शहर के मुख्य बाजारों में भी जाम की स्थिति दिनभर बनी रहती है।
नो एंट्री के बावजूद बड़े वाहनों का प्रवेश और ई-रिक्शाओं की बढ़ती संख्या यातायात व्यवस्था को बिगाड़ रही है। जाम के कारण खरीदारी करने आने वाले लोगों के साथ ही व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। राहगीरों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष रूप से दिक्कत होती है।
विज्ञापन

यातायात पुलिस उपाधीक्षक स्तुति सिंह ने बताया कि नगर वासियों को जाम से निजात दिलाने के लिए एक योजना तैयार की जा रही है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों से बातचीत हुई है। ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन के लिए विशेष नंबर दिए जाएंगे। इन नंबरों के आधार पर दोनों प्रकार के वाहनों को निर्धारित मार्गों पर चलाया जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद यह योजना जल्द ही लागू कर दी जाएगी।

वाहन चालकों की मनमानी से लगता है जाम
शहर में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। पूरे शहर में केवल कब्रिस्तान रेलवे फाटक और संभल गेट पर ही यातायात कर्मियों की तैनाती है। मुख्य बाजारों और अन्य व्यस्त चौराहों पर यातायात नियंत्रित करने के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं रहता। ऐसे में बाजारों में वाहन चालक अपनी मनमर्जी से वाहन निकालते हैं। ई-रिक्शा चालक भी सवारियां बैठाने और उतारने के लिए कहीं भी वाहन रोक देते हैं, जिससे पीछे वाहनों की कतार लग जाती है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें