ओबरी(संभल)। असमोली थाना क्षेत्र के मालपुर उर्फ मलपुरा में बुधवार को डंपरों से मिट्टी का भराव करते समय हुए विवाद के बाद शुक्रवार को इसी गांव में लोगों ने एक और आवासीय प्लाॅटिंग की पक्की दीवार और गेट तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर भूस्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मुरादाबाद जिले के रामगंगा विहार निवासी संदीप जैन ने कई साल पहले औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए असमोली-लोधीपुर मार्ग के किनारे मालपुर उर्फ मलपुरा गाटा संख्या 305 और 306 खरीदी थी। भूस्वामी ने पुलिस को बताया कि बैनामा कराने के बाद कब्जा लेकर बाउंड्री कर गेट लगा दिया था। शुक्रवार को गांव के ही कुछ लोगों ने मुरादाबाद निवासी एक कारोबारी के इशारे पर बाउंड्री और गेट तोड़कर औद्योगिक प्लाॅट पर कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी।
कब्जे की सूचना मिलने पर भू-स्वामी मौके पर पहुंचे और आरोपियों से शिकायत की तो मारपीट पर आमादा हो गए। भूमि स्वामी ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।