जुनावई(संभल)। थाना क्षेत्र के भोना नगला गांव में 25 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता पर मिट्टी का तेल डालकर जान से मारने का प्रयास किया गया। इस मामले में पुलिस ने महिला के पिता की ओर से नाै लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के गांव भोना नगला के रहने वाले अनुपम कुमार की शादी 15 वर्ष पहले कासगंज जनपद के सोरों थाना क्षेत्र के गांव महमूद पुख्ता निवासी रामपाल की पुत्री प्रीति के साथ हुई थी। प्रीति के पिता रामपाल सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही प्रीति का मामला कुछ दिनों तक ठीक ठाक चलता रहा। कुछ दिनों बाद प्रीति को प्रताड़ित किया जाने लगा। पिता ने थाने में तहरीर देकर कहा कि 31 अक्टूबर को वह अपने पुत्र के साथ पुत्री की ससुराल भोना नगला गांव हालचाल लेने के लिए आए थे। तभी उनके सामने ही ससुराल के लोगों ने पुत्री प्रीति के साथ मारपीट की और जान से मारने की नियत से मिट्टी का तेल डालकर कर आग लगाने का प्रयास किया। किसी तरह उसने व उसके पुत्र ने बेटी की जान बचाई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर महिला के साथ मारपीट व जान की नियत से मिट्टी का तेल छिड़कने तथा 25 लाख रुपए धनराशि की मांग के आरोप में पति अनुपम, श्रीपाल, मीरा, मंजू, सचिन, रविंद्र, वसुंधरा उर्फ वासु, सर्वेश कुमारी, रोहित नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।