बहजोई(संभल)। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने जिला अमरोहा के थाना आदमपुर के गांव निवासी युवक के कोर्ट के आदेश से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।पीड़ित युवती ने कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा कि जिला अमरोहा के थाना आदमपुर क्षेत्र के एक्गां व में उसकी चचेरी बहन की शादी हुई है। इसके कारण उसका वहां गांव में आना जाना रहता था। वहीं, चचेरी बहन के घर उस गांव के एक युवक का भी आना जाना था। इसके चलते युवक ने शादी का झांसा देकर उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद वह अपने घर आ गई।
बाद में माह मई में युवक उसके गांव आया और बहला फुसलाकर उसे अपने साथ गाजियाबाद ले गया। यहां कुछ सादे कागज पर युवक ने उसके अंगूठे के निशान लगवाए और उसका फोटो भी लिया। बाद में युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इससे पहले भी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और दुष्कर्म की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देता।
हाल ही में माह अगस्त में जब वह खेत पर चारा लेने गई थी तो युवक उसके खेत पर आ धमका और अपने साथ ले जाने के लिए दबाव बनाने लगा। इस बीच उसकी मां मौके पर आ गई तो युवक वहां से भाग गया।
युवती के मुताबिक, वह अपनी मां के साथ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली पहुंची तो वहां सुनवाई नहीं हुई। बाद में न्याय न मिलने पर कोर्ट की शरण ली।