सरायतरीन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सौंधन मोहम्मदपुर में शुक्रवार रात 8:30 बजे घर में घुसकर गाली-गलौज, धारदार हथियार से मारपीट के मामले में पुलिस ने दंपती सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। चाकू के हमले में डेयरी संचालक भगवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका तीसरे दिन भी निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गांव निवासी धर्मवीर का आरोप है कि एक सप्ताह से पड़ोसी जयप्रकाश की पत्नी बेवजह नाम लेकर गाली-गलौज कर रही थी, जिसकी शिकायत परिजनों से की गई थी। शुक्रवार रात तीन लोग अचानक घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बड़ा बेटा भगवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शोर सुनकर भीड़ जुटती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल संभल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर गांव सौंधन मोहम्मदपुर निवासी सचिन, जयप्रकाश और कुसुमा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।