धनारी। पाठकपुर-नाधा मार्ग पर गांव छपरा के पास रविवार शाम करीब छह बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि वीरेंद्र (27) निवासी गांव सुनवर सराय थाना धनारी अपने साले अखिलेश के साथ पाठकपुर से बाइक पर सवार होकर अपने गांव सुनवर सराय लौट रहा था। गांव छपरा के पास सामने से आ रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के पास पहुंचते ही अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और बाइक से टकरा गया।
टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। गांव के अनिल कुमार ने बताया कि वीरेंद्र छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर पर था। उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और उसका एक बेटा भी है।
वीरेंद्र दिल्ली में रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और करीब तीन दिन पहले ही दिल्ली से अपने गांव आया था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।