धनारी। रामनगर उर्फ कनुआ नगला निवासी महीपाल ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि गांव के ही रहने वाले कुंवरपाल पर उसके 5000 रुपये उधार थे। 18 फरवरी की शाम जब रुपये मांगे तो उसने देने से मना कर दिया और गाली गलौज करना शुरू कर दिया। पीड़ित ने जब विरोध किया तो लाठी-डंडों से मारपीट की गई। बचाने आईं मां और पत्नी से भी पीटा। पीड़ित ने कुंवरपाल, सुनैना निवासी रामनगर उर्फ कनुआ नगला व विशाल, श्रीनिवास निवासी राजपुर बांसडीह थाना बलिया के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद
महिला को पीटकर किया घायल, प्राथमिकी
धनारी। रामनगर उर्फ कनुआ नगला निवासी कैलाशो ने पुलिस को तहरीर देकर कहा कि बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे वह मोहल्ले में ही डेयरी से दूध लेने जा रही थी। उसी समय रास्ते में वेदराम व रूपराम, संजय, अजयपाल ने गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर आरोपियों ने लात घूसों व डंडों से पीटा। डंडा लगने से उसका सिर फट गया। चीखने की आवाज सुन कर परिवार की चंद्रवती मौके पर पहुंची तो उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला का मेडिकल करा दिया गया है। संवाद
नलकूप से चोरी के मामले में दो पर रिपोर्ट
सरायतरीन। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव कैली में बृहस्पतिवार को देर रात को निजी नलकूप से बैटरी और सोलर पैनल चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। गांव कैली निवासी जितेंद्र सिंह का आरोप है कि बृहस्पतिवार को देर रात को स्कूल के पास निजी नलकूप से गांव के ही दो लोगों ने बैटरी और सोलर पैनल चोरी कर लिया। इस मामले में पुलिस को तहरीर दी। थाना प्रभारी उमेश कुमार सोलंकी ने बताया कि गांव कैली निवासी बॉबी और दीपक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद
धर्मशाला को दान में दी जमीन पर कब्जे की शिकायत
संभल। नगर पालिका के वार्ड 11 के सभासद राजेंद्र कुमार ने डीएम को शिकायतीपत्र दिया है। कहा है कि मोहल्ला कोट पूर्वी में धर्मशाला बनवाने के लिए रामदुलारी द्वारा 400 गज जमीन दान में दी गई। उस जमीन को कुछ दबंग कब्जाना चाहते हैं। इसकी शिकायत एसडीएम से की गई लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। सभासद ने गाटा संख्या के आधार पर जांच कराकर जमीन से कब्जा हटवाने की मांग की है। संवाद