जुनावई। थाना क्षेत्र के मिठनपुर गांव के पास फाइबर केबल डालने में लगे एक मजदूर की मामूली कहासुनी के बाद सिर पर फावड़ा मारकर हत्या कर दी गई। घटना के वक्त वह काम करने के बाद दोपहर में खाना खाने के लिए पेड़ के नीचे बैठा था।
घटना के बाद अन्य साथी मजदूरों ने आरोपी को दौड़ा कर दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पुलिस के साथ ही सीओ व एएसपी ने मौके पर पहुंचकर मृतक के साथियों से जानकारी की। पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।
ग्वालियर की जेएमडी कंपनी की ओर से थाना क्षेत्र में बीएसएनएल की फाइवर डालने का काम किया जा रहा है। इस काम में दस मजदूर लगे हैं। शुक्रवार को मिठनपुर बांध के पास काम चल रहा था। सभी मजदूर दोपहर के समय खाना खाने के लिए अलग-अलग स्थान पर बैठ गए। इनमें जनपद लखीमपुर खीरी के थाना ईसानगर के ग्राम मिसरी का रहने वाला ओमकार (29) भी मिठनपुर बांध के नजदीक अपना फावड़ा रख कर खाना खाने बैठ गया।
इसी दौरान अलीगढ़ जिले के दादों थाना क्षेत्र के ग्राम आटा का रहने वाला युवक राजबहादुर घूमता हुआ पहुंच गया। खाना खाने बैठे ओमकार से यह कहते हुए झगड़ने लगा कि इधर से निकली महिला को तुम लोग घूर रहे थे। ओमकार ने मना किया कि ऐसा कुछ नहीं था। आरोपी गाली गलौज करने लगा और जब ओमकार ने विरोध किया तो उसी के पास रखा फावड़ा उठाकर आरोपी ने ओमकार के सिर में मार दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। कुछ दूर से यह सब देख रहे साथी मजदूर उसके पीछे दौड़े और करीब दो सौ मीटर दौड़ कर उसे दबोच लिया। सूचना पर थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान के साथ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जिसने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सीओ आलोक कुमार सिद्धू व एएसपी कुलदीप सिंह भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मृतक के साथी मजदूरों से जानकारी की। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल के नमूने लिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि आरोपी को गिरफ्त में ले लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है। अभी तक उसने सिर्फ यह बताया कि मजदूर उधर से निकल रही एक महिला को ताक रहे थे। इसको लेकर खाना खा रहे एक मजदूर से कहासुनी हुई और उसको फावड़ा मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।