संभल। भीषण गर्मी में बीमारी न बढ़ें, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। अभी से ही डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के उपाय शुरू किए गए हैं। मच्छर जनित बीमारियों से बचाव व लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया गया है। इसकी जिम्मेदारी आशा और एएनएम को सौंपी गई है।
दरअसल, एकाएम मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। इससे संक्रामक व मच्छर जनित बीमारियां न फैलें, इससे बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। इसकी जिम्मेदारी आशा और एएनएम को दी गई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ.मनोज चौधरी का कहना है कि आशा और एएनएम घर-घर जाकर लोगों को डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक करेंगी। साथ ही, बुखार पीड़ित मरीजों की सूची बनाएंगी। इसके बाद मरीज के घर व बस्ती के फागिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव हो सकेगा। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संभल से जुड़ीं आशाएं और एएनएम ने गांवों में घर-घर जाकर डेंगू और मलेरिया से बचाव की जानकारी दी। बताया कि घर के आसपास साफ-सफाई रखें। घर और गली मोहल्ले में जलभराव न होने दें। मच्छरदानी में ही सोएं। बचाव के उपाय ही इसमें बेहतर कारगार साबित होंगे। इसलिए लापरवाही बिल्कुल न करें।