यूपी के संभल जिले में नगर पालिका मैदान में 24 दिसंबर को समाजसेवी अन्ना हजारे किसानों की सभा को संबोधित करने आएंगे। सभा में भीड़ जुटाने के लिए किसान संगठन सक्रिय हो गए हैं। अन्ना हजारे दोपहर को जनसभा करेंगे। सभा के बाद वह संभल स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण गृह में ठहरेंगे।
भाकियू असली के पदाधिकारियों ने गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण किया। संगठन के पदाधिकारी शुक्रवार को दिन में तीन बजे शंकर इंटर कॉलेज के सभागार में बैठक करेंगे। इसमें संभल के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
संगठन के मंडल महासचिव संजीव गांधी ने बताया कि देश के किसानों के लिए एक बड़ा आंदोलन छेड़ने के लिए पहली बार संभल की धरती पर अन्ना हजारे आ रहे हैं। उनके दौरे से संभल जिले के ही नहीं मंडल भर के किसान उत्साहित हैं।
किसानों ने जनसभा में भारी संख्या में भागीदारी का निर्णय लिया है। किसान अपने-अपने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से संभल पहुंच रहे हैं। किसानों को अन्ना हजारे के प्रस्तावित दौरे की जानकारी देने के लिए भाकियू की टीमें ग्रामीण क्षेत्र का दौरा कर रही है।
इसमें एक टीम ने दिलशाद हुसैन के नेतृत्व में कई गांवों का दौरा किया। दूसरी टीम ने राजपाल सिंह यादव के नेतृत्व में भ्रमण किया। जनसभा स्थल से लेकर उनके ठहरने के स्थान तक भारी पुलिस बल और पीएसी की तैनाती रहेगी। यातायात प्रबंधन के लिए अलग से पुलिस बल लगाई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय ने सुरक्षा प्लान को क्रियान्वित कराने के लिए गुरुवार को अपने कार्यालय में बैठक बुलाई। । अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभा में पांच थानों के थाना प्रभारी, 40 उप निरीक्षक, 100 सिपाही और दो प्लाटून पीएसी की तैनाती रहेगी।