धनारी। लंपी स्किन डिजीज (लंपी वायरस) के बढ़ते खतरे को देखते हुए पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है। विभाग की टीमें गांव-गांव और गोशालाओं में जाकर टीकाकरण कर रही हैं। शुक्रवार को धनारी क्षेत्र के गांव उधरनपुर में सघन टीकाकरण अभियान चलाया गया।
पशु चिकित्सा अधिकारियों की देखरेख में पूरे गांव में गायों और भैंसों को टीके लगाए गए। अभियान में डॉ. विनय कुमार शर्मा और ड्रेसर राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पैरावेट दिनेश पाल, नरेंद्र कुमार, रोहित कुमार, सोमवीर, हुकुम सिंह और मुकेश कुमार की टीम ने योगदान दिया। टीकाकरण के दौरान पशु चिकित्सा टीम ने गोशाला संचालकों और पशुपालकों को जागरूक भी किया।
बताया कि संक्रमित या बीमार पशु को तुरंत स्वस्थ पशुओं से अलग रखें। गोशाला परिसर में साफ-सफाई रखें और मच्छर, मक्खी व किलनी से बचाव के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करते रहें। विभाग ने अपील की है कि यदि किसी पशु के शरीर पर अचानक गांठें बनें, तेज बुखार आए या पैरों व शरीर में सूजन जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सालय को सूचना दें, ताकि समय रहते इलाज किया जा सके।