चंदौसी(संभल)। बीते दिनों ओपीजीएम स्कूल के पास कार से बाइक सवार मां-बेटे को टक्कर मारने वाले अज्ञात कार चालक के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। बहजोई के आर्यसमाज रोड निवासी मधु शर्मा अपने बेटे वंश के साथ तीन दिसंबर को चंदौसी से अपने घर बाइक द्वारा लौट रही थी। जैसे ही, उनकी बाइक बहजोई रोड पर ओपीजीएम स्कूल के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर आई एंबुलेंस घायलों को लेकर सीएचसी आई। यहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल मां - बेटों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजनों ने उन्हें मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जहां उनका उपचार चल रहा है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार तोमर ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद
कार चोरी के आरोप में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
संभल। कोतवाली पुलिस ने कार चोरी के मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। हयातनगर थाना कस्बे के मोहल्ला तुर्कों वाली मस्जिद के पास के निवासी मोहम्मद रिजवान की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। रिजवान ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की सुबह 11 बजे वह अपनी कार लेकर मोहल्ला नाला में आया था। मनोकामना मंदिर के पास कार खड़ी करके वह काम से चला गया। लौटा तो कार नहीं मिली। तलाश की गई लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। कोतवाल गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। संवाद