संभल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 24 नवंबर को मुरादाबाद आ रहे हैं। वह भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी में पुलिस के उप निरीक्षकों की पासिंग आउट परेड में शामिल होंगे। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर संभल जिले में भी सतर्कता बढ़ गई है। कई विभागों के अधिकारी रविवार की छुट्टी होने के बाद भी अपने-अपने कार्यालयों पर मुस्तैद रहेंगे। कोई सूचना आकस्मिक तौर पर उनके कार्यालय या विभाग से संबंधित न मांगी जाए तो उसे तत्काल उपलब्ध कराया जा सके।
वैसे संभल जिले में रविवार के लिए मुख्यमंत्री का अभी कोई कार्यक्रम नहीं आया है लेकिन नौकरशाही ने अपने स्तर से सतर्क रहने का निर्णय लिया है। सूबे के मुखिया अगर मंडल के किसी भी जनपद में आते हैं तो सतर्कता बनाए रखने की जिम्मेदारी तो पड़ोसी जनपदों की भी बनती है।
शायद इसी वजह से सतर्कता बढ़ गई है।
अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी ने शनिवार की शाम तीनों तहसीलों के उप जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने रविवार को समस्त जिला स्तरीय कार्यालय यथावत खोले जाने का आदेश दिया। आदेश में कहा गया है कि समस्त जनपद स्तरीय और तहसील स्तरीय अधिकारी अपने कार्यालय में निर्धारित समय पर उपस्थित होकर सामान्य कार्य दिवस की भांति अपने शासकीय कार्य निष्पादित करेंगे।