एआरटीओ कार्यालय में एडीएम प्रदीप कुमार वर्मा और एसडीएम वंदना मिश्रा औचक निरीक्षण के लिए पहुंची। इस दौरान कार्यालय में न एआरटीओ मौजूद मिले और न कोई कर्मचारी ही मिला, लेकिन काम से आए लोगों की खासी भीड़ लगी दिखाई दी। इसकी रिपोर्ट एडीएम द्वारा डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया को भेजी गई। जिसके आधार पर सभी से डीएम ने स्पष्टीकरण तलब किया है। उसके बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे एडीएम और एसडीएम निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। एआरटीओ कार्यालय खुला था, लेकिन एआरटीओ प्रवेश कुमार कुर्सी पर नहीं थे। इसी तरह कोई कर्मचारी नहीं मिला। अधिकारियों के निरीक्षण की जानकारी के बाद कर्मचारियों में खलबली मच गई। इसके बाद भी दोपहर तक ही कर्मचारी और अधिकारी पहुंच सके। एआरटीओ ने बताया कि वह तो मुरादाबाद आरटीओ कार्यालय में किसी काम से गए थे।
अन्य कर्मचारी जो गैरहाजिर मिले हैं उनकी जानकारी नहीं है। डीएम का कहना है कि एडीएम और एसडीएम के निरीक्षण में जो गैरहाजिर कर्मचारी व अधिकारी मिले हैं उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। डीएम का कहना है कि सभी अधिकारी व कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचना है। यदि कोई लापरवाही करेगा तो कार्रवाई की जाएगी।