जुनावई /गुन्नौर। थाना क्षेत्र के एक गांव में भूमि विवाद के चलते बड़े भाई ने छोटे भाई पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम की मांग की है। शिकायत पर गुन्नौर पुलिस ने मृतक के शव को एक दिन बाद कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के धनीपुर गांव में दो दिन पहले शुक्रवार की रात को 80 वर्षीय बुजुर्ग कुबेर सिंह की मौत हो गई थी। इसके बाद उनके बड़े बेटे अमर सिंह ने अपने छोटे भाई पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की तथा पिता के शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने शनिवार शाम को शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों भाइयों में भूमि को लेकर विवाद है। मृतक ने अपनी भूमि छोटे बेटे के नाम दर्ज कर दी थी।
जुनावई चौकी प्रभारी राजेश कुमार पांडे ने बताया कि 80 वर्षीय बुजुर्ग कुबेर सिंह की मौत सामान्य दिखाई दे रही है। फिर भी शिकायत के आधार पर शव कब्जे में लेकर पीएम को भेजा गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।