चंदौसी। जिला मुरादाबाद व बिजनौर में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद जिला संभल में दोबारा से हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। पशुपालन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। टीम को पोल्ट्री फार्म से लगातार सैंपल लेकर जांच कराने और पोल्ट्री फार्म में बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।
संभल जनपद में 21 पोल्ट्री फार्म हैं तथा तीन अंडा उत्पादन इकाईयां हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जनपद में 12 जनवरी से अलर्ट घोषित कर दिया था। संभल जनपद में अब तक पशुपालन विभाग की ओर से 112 सैंपल लेकर पशु अनुसंधान केंद्र बरेली में बर्ड फ्लू की जांच के लिए भेज गए हैं। पर अभी तक यहां बर्ड फ्लू न तो लक्षण दिखाई दिए हैं और न ही पुष्टि हुई है।
मुरादाबाद जनपद में शनिवार को मृत मिले कौवे में और बिजनौर मेें भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इसको लेकर संभल जनपद में पशुपालन विभाग ने दोबारा से जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। क्षेत्र में तैनात टीमों को स्पष्ट निर्देश हैं कि पोल्ट्री फार्म से नियमित रूप से सैंपलिंग की जाए। किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। पोल्ट्री फार्म में बाहरी लोगों का प्रवेश पूरी से बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
मुरादाबाद में कौवे में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। हो सकता है वह कहीं से उड़कर आया हो। फिर सभी संभल जनपद में विभाग एहतियात बरत रहा है। टीमें निगरानी कर रही हैं।
विनोद कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी।