आपत्तियां आने के बाद 20 दिन में भी निस्तारण के लिए नहीं भेजी गई नियंत्रक के पास
चंदौसी। चंदौसी महायोजना-2031 के प्रस्तावित प्रारूप पर क्षेत्र से 230 आपत्तियां विनियमित कार्यालय को प्राप्त हुईं। इनमें 90 फीसदी आपत्तियां भूमि को आवासीय श्रेणी में कराने की मांग से संबंधित हैं। आपत्तियां आए हुए 20 दिन हो गए हैं पर विनियमित कार्यालय की ओर से इनके निस्तारण के लिए भेजने की कोई तैयारी नहीं की गई है।
चंदौसी नगर क्षेत्र के विस्तारीकरण के लिए महायोजना-2031 लागू की जा रही है। इस योजना में चंदौसी नगर पालिका सहित 22 गांव सम्मिलित किए गए हैं। इसका क्षेत्रफल करीब 9375 हेक्टेयर है। नगर व इन 22 गांवाें की 2031 की अनुमानित आबादी के अनुसार आवासीय, औद्योगिक, खेल मैदान, सड़क, पार्क, गोशाला, ग्रीन बेल्ट, होटल, खेत, बाग आदि श्रेणी के लिए भूमि आवंटित की गई है। भूमि श्रेेणी आवंटन के बाद स्थानीय नागरिकों से आठ अगस्त तक आपत्तियां मांगी गई थी। विनियमित कार्यालय चंदौसी को निर्धारित अवधि तक 230 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनमें अधिकांश आपत्तियां भूमि की श्रेणी बदलवाने की थी। आपत्तिकर्ताओं ने अन्य श्रेणी की भूमि को आवासीय श्रेणी में बदलवाने की मांग की है। विनियमित क्षेत्र कार्यालय में आपत्तियों को अभी सूचीबद्ध करने का काम किया जा रहा है।
आठ अगस्त तक 230 आपत्तियां आईं
चंदौसी। महायोजना में चंदौसी क्षेत्र से विनियमित क्षेत्र को आठ अगस्त तक 230 आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। इसके बाद अभी तक विनियमित क्षेत्र की ओर से आपत्तियों को नियंत्रक (डीएम) व टाऊन प्लानर मुरादाबाद के पास नहीं भेजा गया है। इन आपत्तियों के निस्तारण में अभी समय लगने का अनुमान हैं।
कार्यालय को आपत्तियां प्राप्त हो गई हैं। इन आपत्तियों को नियत प्राधिकारी, एसडीएम की ओर से टाऊन प्लानर व नियंत्रक (डीएम) के समक्ष भेजा जाएगा। टाऊन प्लानर उन्हें सूचीबद्ध करेंगे। इसके बाद नियंत्रक स्तर से कमेटी के द्वारा निस्तारित कराई जाएगी। जल्द ही आपत्तियों को उनके समक्ष भेजा जाएगा।
दीवान सिंह, अवर अभियंता विनियमित क्षेत्र चंदौसी