टक्कर के बाद गड्ढे में घुसे ट्रैक्टर के ऊपर ट्रक पलटा, किसान की मौत
पुलिस ने ट्रक चालक व क्लीनर को पकड़ा, जेसीबी की मदद से गड्ढे से वाहनों को बाहर निकाला
चंदौसी (संभल)। बेरनी मार्ग पर थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव कोकावास के पास तेजगति में जा रहे ट्रक चालक ने ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पानी से भरे गड्ढे में घुस गया। वहीं ट्रक भी अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर के ऊपर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर सवार गांव नवादा निवासी किसान मुबारिक (40) की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जेबीसी से ट्रैक्टर व ट्रक को बाहर निकलवाया। आरोपी ट्रक चालक व क्लीनर को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
कुढ़फतेहगढ़ के गांव नवादा निवासी किसान मुबारिक गांव बबनपुरी में ट्रैक्टर से अपने खेत को समतल करने गया था। शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे वह ट्रैक्टर लेकर लौट रहा था। बेरनी-चंदौसी मार्ग पर गांव कोकावास में कब्रिस्तान के पास पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक चालक ने ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में घुस गया। हादसे के दौरान चालक का ट्रक पर नियंत्रण नहीं रहा और ट्रक गड्ढे में गिरे ट्रैक्टर के ऊपर पलट गया। हादसे में मुबारिक ट्रक व ट्रैक्टर के बीच फंस गया और पानी में डूब गया। सड़क पर हादसा होने पर आसपास खड़े ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और ट्रैक्टर चालक को निकालने का प्रयास करने लगे। सूचना पर पुलिस व परिजन भी पहुंच गए। बड़ी मुश्किल से मुबारिक को बाहर निकाला गया। वहां से परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने मौके से भागने का प्रयास कर रहे ट्रक चालक व क्लीनर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सीओ दीपक तिवारी ने बताया कि तेजगति में ओवरटेक करते समय हादसा हुआ। ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई है। ट्रक चालक व क्लीनर को हिरासत में लिया गया है।