गुन्नौर(संभल)। बहन की विदाई के बाद अपने मामा को ननिहाल छोड़ कर बाइक से घर लौट रहे भाई धनारी थाना क्षेत्र के गांव जियानगला निवासी सोनू वाल्मीकि (23) पुत्र वीरपाल की शनिवार सुबह कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र में बबराला रोड पर पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद से ही चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। सोनू की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
सोनू के चाचा मटरू ने बताया कि शुक्रवार को सोनू की बहन गौरी की शादी थी। देर रात गौरी की विदाई हो गई। शनिवार सुबह घर आए मेहमान लौटने की तैयारी कर रहे थे। सोनू के मामा धर्मपाल और अशोक ने बाइक से उनके गांव छोड़ आने का आग्रह किया तो सुबह छह बजे वह दोनों मामा को बाइक पर बैठा कर अपनी ननिहाल छिद्दू की मढ़ैया थाना जुनावई गया था।
लौटते वक्त सुबह नौ बजे कोतवाली गुन्नौर के नेहरू चौक से आगे बबराला रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को रौंद डाला। जिससे बाइक सवार सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पिकअप का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बहन की शादी की खुशियां मातम में बदलीं
सोनू के चचेरे भाई महिपाल ने बताया कि सोनू पांच भाई बहन में मझला था। सोनू की मां सुनीता की बहुत पहले ही मौत हो गई थी। इन सभी भाइयों का पालन पोषण सौतेली मां अनीता ने किया था। शुक्रवार को सौतेली बहन गौरी की जिला बदायूं बिसौली थाना क्षेत्र के एक गांव से बरात आई थी। सोनू की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मां अनीता का कहना था कि कल ही बेटी के हाथ पीले किए थे। आज मेरे बेटे की सड़क हादसे में जान चली गई। सोनू मेहनत-मजदूरी करता था। उसकी शादी की बात चल रही थी।