बहजोई में सीएम के कार्यक्रम को लेकर जानकारी लेते कमिश्नर। स्रोत- सूचना विभाग
बहजोई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे के चलते मुरादाबाद कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह व डीआईजी मुनीराज जी ने बहजोई स्थित एनआईसी में अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक की। साथ ही निर्माणाधीन पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने कहा कि मुख्यमंत्री का दौरा जिले के लिए कई सौगात भरा होगा। मंगलवार को कार्यक्रम स्थल पर करीब आधा घंटे तक सीएम के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा अधिकारियों ने लिया। इसके बाद कमिश्नर ने कहा कि सात अगस्त की सुबह मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित है। इसमें मुख्यमंत्री की ओर से कई परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण किए जाने हैं। जिले की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके लिए सारी तैयारियां की जा रही हैं। हालांकि बारिश का समय है। इसके बावजूद जिले की पूरी टीम लगी हुई है। जिससे तैयारियों में कोई कमी न रहे।
0000000000000
हैलीपैड समेत सभा व पार्किंग स्थल का भी किया निरीक्षण
कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर टिकटा रोड स्थित नवीन रिजर्व पुलिस लाइन समेत कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया। इस बीच कमिश्नर ने अधिकारियों के साथ हैलीपेड समेत सभा व पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में जुट गए अधिकारी
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर जिले भर के प्रशासन व पुलिस के अधिकारी जुट गए हैं। मंगलवार को रजपुरा-बहजोई मार्ग पर स्थित नवीन रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गईं। एक ओर हैलीपैड बनाने का काम चल रहा है तो दूसरी ओर सभास्थल पर टेंट आदि लगाया जा रहा है। सफाईकर्मी सड़क किनारे उगी घास व झाड़ियों को काटने समेत साफ-सफाई का कार्य कर रहे हैं। यातायात पुलिस पार्किंग स्थल की व्यवस्था बनाने में लगी हुई है। इसके अलावा अन्य अधिकारियों की ओर से मंच व दर्शकों आदि के लिए बैठने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा निकट में ही नवनिर्मित गेस्ट हाउस के शेष रहे कार्य को भी पूरा कराया जा रहा है।