सरायतरीन। बहजोई थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की देर रात शराब के नशे में पत्नी से विवाद के बाद अपने ही घर के कमरे में रस्सी के सहारे लटककर 27 वर्षीय युवक ने जान दे दी। मंगलवार की सुबह परिजनों ने युवक का शव लटका देखा तो जानकारी हुई। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी मृतक के पिता ने बताया कि सोमवार की शाम बेटा शराब के नशे में किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद करने लगा और पत्नी से मारपीट को उतारू हो गया। इसीलिए पत्नी अपने बच्चों के साथ सास के पास पहुंच गई और पति के द्वारा घर पर लड़ाई-झगड़े की जानकारी देने के बाद सास के पास ही सो गई थी। इसके बाद बेटे के घर पहुंचकर काफी समझाने का प्रयास किया। इसके बाद भी बेटा शराब के नशे में कोई बात मानने को तैयार नहीं था।
देर रात को बेटे ने इसी बात को लेकर अपने ही घर के कमरे में रस्सी के सहारे लटककर अपनी जान दे दी। मंगलवार की सुबह 5:30 बजे कमरे का दरवाजा खोला तो बेटे का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। कोतवाल संत कुमार सिंह ने बताया कि इस तरह की घटना उनके संज्ञान में नही है।