बहजोई। बीते दिनों एक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में मरीज को छुट्टी कराने को लेकर हुए विवाद को लेकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया गया। थाना रजपुरा के गांव बसंतपुर डांडा निवासी हिमांशु ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक दफ्तर पर पहुंचकर दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह 18 मई को दोपहर करीब 12 बजे अपने पिता व भाई की पत्नी को लेकर छह वर्ष के भतीजे का इलाज कराने चंदौसी सड़क स्थित गंगा एक्सप्रेसवे के निकट एक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में गया था। आरोप है कि रात को करीब दस बजे हॉस्पिटल से अपने भतीजे को डिस्चार्ज कराने पहुंचा था। उसका भतीजा एकदम ठीक था। इस पर हॉस्पिटल के स्टाफ की ओर से भतीजे को आईसीयू होने की बात कहते हुए डिस्चार्ज करने से मना कर दिया और हॉस्पिटल स्टाफ की ओर से अभद्रता करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। स्टाफ की ओर से की गई मारपीट में उसके पिता का हाथ टूट गया और उसे कोतवाली भिजवा दिया। इस बीच, उसके पास से उसका पर्स, आधार कार्ड, डीएल, आठ हजार रुपये व मोबाइल फोन गायब हो गया। इसके बाद उसके साथ थाना में भी मारपीट हुई। वहीं, पीड़ित की ओर से दोनों अधिकारियों से पूरे मामले में निष्पक्ष जांच पड़ताल कराकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई।