चंदौसी जिला न्यायालय के परिसर में प्रदर्शन करते अधिवक्ता - संवाद
चंदौसी(संवाद)। साथी अधिवक्ता के खिलाफ वन विभाग द्वारा थाना बनियाठेर में मुकदमा दर्ज कराए जाने को लेकर जिला न्यायालय और तहसील के अधिवक्ता आंदोलित हैं। अधिवक्ताओं ने जिला न्यायालय और तहसील गेट पर प्रदर्शन किया। मुकदमा वापस लिए जाने की मांग की। साथ ही उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। तहसील बार एसोसिएशन की ओर से एक सभा का आयोजन मंगलवार को तहसील सभागार में किया गया। इसमें वरिष्ठ अधिवक्ता शिवओम शर्मा के खिलाफ वन विभाग द्वारा थाना बनियाठेर में कराई गई रिपोर्ट के संबंध में चर्चा की गई। बैठक में बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता शिवओम शर्मा द्वारा कोतवाली चंदौसी में दी गई तहरीर पर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता के खिलाफ दी गई रिपोर्ट को समाप्त नहीं किया जाता, तब तक पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए पक्षपातपूर्ण रवैया के खिलाफ आंदोलित रहेंगे।
सभा की अध्यक्षता तहसील बार अध्यक्ष मुकेश पाल सिंह यादव और संचालन सचिव अरविंद गुप्ता ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष पिंटेश शर्मा, विजय पाल सिंह यादव, सत्यवीर सिंह, शाकिर अली, धर्मवीर सिंह, तारिक अनवर, बलराम शर्मा, मुकेश पाल सिंह, अली शेर खां आदि मौजूद रहे।