चंदौसी (संभल)। शनिवार को गाजियाबाद प्रकरण और अतिक्रमण को लेकर अधिवक्ता जिला न्यायालय के बाहर सड़क पर धरना देकर जमकर गरजे। सड़क किनारे बने चेंबर को लेकर न्यायालय में दावा किया और उच्च न्यायालय में रिट दायर डालने का भी निर्णय लिया।
जिला न्यायालय गाजियाबाद प्रकरण को लेकर अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल गाजियाबाद गया हुआ है। जिसमें चंदौसी बार एसोसिएशन के सचिव सचिन गोयल व पूर्व सचिव नितिन सिंह विक्की शामिल हुए। उधर बार अध्यक्ष मोहम्मद नजर कुरैशी द्वारा सुबह 11 बजे परिसर में एक बैठक की गई। जिसमें गाजियाबाद प्रकरण के साथ-साथ अधिवक्ताओं ने अतिक्रमण पर प्रशासनिक कार्रवाई पर भी चर्चा की। जिसमें अधिवक्ताओं के चेंबर व अधिवक्ताओं की संपत्ति का स्टे होने के बावजूद भी तोड़े जाने पर रोष प्रकट किया गया। अधिवक्ताओं ने कहा कि जिला प्रशासन संभल द्वारा अधिवक्ताओं को टारगेट किया जा रहा है।
अधिवक्ताओं द्वारा कहा गया कि न्यायालय कैंपस के बाहर बने चेंबरों को लेकर भी अदालत में स्टे का दावा किया गया है। अधिवक्ताओं ने उच्च न्यायालय में रिट दायर करने का भी निर्णय लिया है। बैठक के बाद अधिवक्ताओंं ने जिला न्यायालय के बाहर सड़क पर धरना दिया और डिप्टी कलक्टर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब पौन घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा। इस अवसर पर बार अध्यक्ष के अलावा पूर्व अध्यक्ष राजेश यादव, विनोद शर्मा, विनोद सिंह, महेश यादव समेत तमाम अधिवक्ता थे।