बनियाठेर। सांड़ के हमले में घायल थाना क्षेत्र के पचाक गांव के रहने वाले अधिवक्ता धर्मेश कुमार की उपचार के दौरान बरेली के रूहेलखंड अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। मृतक अधिवक्ता की पत्नी वर्षा देवी ने बताया कि नौ जुलाई को उनके पति किसी न्यायिक काम से जिला न्यायालय बदायूं गए थे। शाम साढ़े सात बजे करीब बाइक से बदायूं से लौटते वक्त कोतवाली बिसौली के ग्राम भटपुरा में रास्ते में खड़े सांड़ ने उन पर हमला कर दिया। इससे पति धर्मेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका बरेली के रूहेलखंड अस्पताल में उपचार चल रहा था।
बृहस्पतिवार को सुबह सवा नौ बजे करीब अधिवक्ता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अधिवक्ता की मौत की खबर जब गांव पहुंची तो गांव में कोहराम मच गया। अधिवक्ता के परिवार में पत्नी वर्षा व उसके चार बच्चे जिनमें अमृता (7), अदिति (5), आरव (3), अन्वी (3 माह) हैं। धर्मेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। मृतक के सबसे बड़े भाई पृथ्वीपाल सिंह प्राइमरी पाठशाला में अध्यापक हैं। वहीं धर्मेंद्र कुमार खेतीबाड़ी का कार्य देखते हैं।
न्यायिक कार्य से विरत रहे अधिवक्ता, नामांकन प्रक्रिया भी रोकी
चंदौसी। अधिवक्ता धर्मेश कुमार की मौत की खबर से जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह 11.30 बजे बार रूम में आयोजित शोक सभा में अधिवक्ताओं ने दो मिनट का मौन धारण का आत्मशांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही न्यायिक कार्य से विरत रहे। वहीं चंदौसी बार एसोसिएशन के चुनाव में होने वाले नामांकन प्रक्रिया को भी स्थगित कर दिया। एल्डर कमेटी के चेयरमैन अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 18 जुलाई को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक होगी। 19 जुलाई को नाम वापसी, नामांकन पत्रों की जांच व एतराज 12 बजे से दो बजे तक होगी। जबकि चुनाव कार्यक्रम पूर्व घोषित 24 जुलाई को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक बार रूम में होगा।
-
सड़कों पर हमलावर हो रहे सांड़़, हाईवे पर बन रहे हादसे का खतरा
छुट्टा गोवंशीय पशु जानलेवा साबित हो रहे हैं। अधिकांश गोशालाओं में क्षमता से अधिक गोवंशीय पशुओं को आश्रय दिया गया है। इसके बाद भी सड़कों पर छुट्टा पशु खतरा बन रहे हैं। बनियाठेर के गांव अकरौली में स्थित गोशाला में क्षमता से अधिक गोवंशीय पशु हैं। इसके बाद भी मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर गांव भुलावई के निकट पशु विचरते रहते हैं। रात के समय तो जमघट लग जाता है। जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। धनारी में भी हाइवे पर बस स्टैंड के बाहर गोवंशीय पशुओं का जमघट लगा रहता है।
राष्ट्रीय किसान संघर्ष समिति लगातार उठा रही मुद्दा
राष्ट्रीय किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर दयाल शर्मा ने बताया कि गांव असालतपुर जारई में गोशाला बनी है। उसमें पशु भी हैं। गोशाला फुल होने के बाद भी गांव में छुट्टा गोवंशीय पशु अभी भी रह गए हैं। जो ग्रामीणों पर हमला कर देते हैं। फसलें उजाड़ देते हैं। इस संदर्भ में कई बार तहसील अधिकारियों को ज्ञापन दिए गए लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।
सांड़ के हमले में हुई मौत और घायल
17 फरवरी 2025 को सांड़ के हमले में गिरिराज 35 वर्ष निवासी गांव मुबारकपुर थाना कैला देवी की मौत हो गई थी।
05 फरवरी 2025 को ओमप्रकाश 42 वर्ष गांव नियावली थाना रजपुरा की खेत से सांड़ को भगाते समय गिर कर मौत हो गई थी
06 नवंबर 2024 को थाना हयातनगर क्षेत्र में सात वर्षीय सनी को खेलते समय सांड़ के हमले में मौत हो गई।
16 नवंबर 2024 को कैला देवी के रहने वाले विपिन कुमार 18 वर्ष की सांड़ के हमले में मौत हो गई थी।
24 सितंबर 2024 को थाना बहजोई के राजेंद्र 50 वर्ष की सांड़ के हमले में मौत हो गई थी।
06 जुलाई की रात नगर पालिका कार्यालय के पीछे सांड़़ ने मोहल्ला लोधियान की महिला सीता रानी को पटक कर घायल कर दिया।
01 जनवरी 2023 को सांड़ के हमले में गुन्नौर के मोहल्ला सराय निवासी विजय पाल घायल हो गए थे और उपचार के दौरान मौत हो गई थी।