चंदौसी। साथी से अभद्रता पर तहसील और जिला न्यायालय के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। अधिवक्ता एकजुट होकर पीड़ित साथी अधिवक्ता के साथ वन विभाग के सीओ और वन दरोगा के खिलाफ तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचे। जहां प्रभारी निरीक्षक नहीं मिले तो राज्यमंत्री गुलाब देवी के आवास पर पहुंच कर कार्रवाई की मांग की।
नरौली निवासी अधिवक्ता शिवओम शर्मा ने तहरीर में बताया कि नरौली ग्राम पंचायत के गांव भाटौर में उनकी भूमि है। सोमवार की सुबह जमीन को बराबर करने का कार्य चल रहा था। उसी समय वहां वन विभाग के सीओ और दरोगा आ गए। आरोप है कि सीओ और दरोगा ने कहा कि कोल्ड स्टोर बना रहे हो और जबरन ट्रैक्टर-ट्राली खींच ले गए। पीड़ित अधिवक्ता ने बताया कि जब वह ट्रैक्टर-ट्राली छुड़ाने के लिए वन विभाग के कार्यालय पहुंचे तो वहां उनसे दो लाख रुपये की मांग करते हुए अभद्रता करते हुए खींचतान की।
इससे शाम को तहसील और जिला न्यायालय के अधिवक्ता तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचे। जहां प्रभारी निरीक्षक नहीं मिले तो राज्यमंत्री गुलाब देवी के आवास पर पहुंच कर मुकदमा दर्ज करा कर कार्रवाई की मांग की।
चंदौसी-संभल मार्ग पर मैं अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। नजर पड़ी तो सड़क किनारे वन विभाग की जगह पर कुछ पेड़ खुर्द बुर्द पड़े थे। आसपास देखा तो एक शीशम का पेड़ भी कटा हुआ पड़ा था। भूमि पर नियम विरुद्ध कार्य किया जा रहा था। जिससे ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया गया। किसी के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता नहीं की गई। आरोप निराधार हैं।
प्रभात शर्मा, सीओ वन विभाग