चंदौसी। छुट्टा पशुओं की मुख्यमंत्री पोर्टल पर हुई शिकायत का औपचारिक निस्तारण करना तत्कालीन रजपुरा के बीडीओ अखिलेश कुमार को भारी पड़ गया। इस मामले में डीएम ने बीडीओ अखिलेेश कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। अखिलेश कुमार वर्तमान में जुनावई ब्लॉक के बीडीओ हैं। रजपुरा ब्लॉक क्षेत्र के गांव जहानपुर निवासी हुकम सिंह ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत की थी।
बताया था कि क्षेत्र में छुट्टा पशु अधिक हैं। उन्हें पकड़वाने के लिए शिकायत की गई थी। तत्कालीन बीडीओ ने छुट्टा पशुओं को पकड़वाए बिना ही इस शिकायत का औपचारिक निस्तारण करा दिया था। पोर्टल पर आख्या दी थी कि आवारा पशुओं को पकड़वाकर नजदीकी गोशाला में छुड़वाया गया है। इस मामले में डीएम ने भी शासन से मिले निर्देशों पर सभी अधिकारियों को छुट्टा पशुओं को पकड़वाने के आदेश दिए थे।
इसके बाद भी बीडीओ रजपुरा अखिलेश कुमार ने आईजीआरएस की शिकायतों को नहीं देखा। डीएम ने शासकीय कार्यो के प्रति लापरवाही, उदासीनता बरतने, शिकायत के निस्तारण में रूचि न लेने, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।