आजादी का अमृत महोत्सव के तहत प्रशासन जिले में घर-घर तिरंगा बंटवाएगा। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम मनीष बंसल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।
डीएम ने कहा कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत 13 से 17 अगस्त के बीच प्रत्येक भारतीय को अपने घर और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने को भी प्रेरित किया जाए। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को जागृत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करना है। इस बीच डीएम ने प्रत्येक विभागाध्यक्ष से कार्यक्रम के तहत लक्ष्य के सापेक्ष झंडे का निर्माण के बारे में जानकारी भी ली।
उन्होंने कहा कि झंडों का निर्माण अतिशीघ्र कराया जाए जिससे कि 13 अगस्त तक हर घर व प्रतिष्ठान पर तिरंगा दिखाई दे। इसको लेकर सभी नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी झंडा वितरण का एक माइक्रो प्लान तैयार कर लें। साथ ही सामाजिक कार्य करने वाले लोगों की सूची तैयार कर ली जाए व एक कलस्टर बनाकर झंडों को लगाने की जिम्मेदारी सौंपी जाए। झंडा लगवाने में सद्भावना मित्रों की मदद भी ली जाए। बाजारों में व्यापार मंडल के साथ बैठक कर झंडा वितरण की कार्य योजना बनाकर संबंधित विभाग को भेजी जाए। सीडीओ कमलेश सचान व डीएफओ अरविंद कुमार समेत पीडी रमेश चंद्र, डीसी रामायण सिंह व बलवंत सिंह, बीएसए चंद्रशेखर, डीआईओ बृजेश कुमार व डीएसडब्ल्यूओ शैलेंद्र गौतम तथा समाज सेविका संगीता भार्गव व ममता राजपूत आदि रहे।