हाईवे पर भावनगर के पास रविवार की रात कांवड़ियों के जत्थे की दो बाइकें छुट्टा पशुओं से टकरा गईं। जिसमें एक कांवड़िये की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। कांवड़ियों का यह जत्था चंदौसी से राजघाट गंगाजल लेने जा रहा था।
चंदौसी के मोहल्ला गोलागंज निवासी पवन कश्यप (22) अपने 12 साथियों के साथ छह बाइकों से गंगाजल लेने रविवार की रात करीब 12 बजे घर से निकले थे। जब बाइक सवार आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर धनारी क्षेत्र के गांव भागनगर के पास पहुंचे तो सड़क पर छुट्टा पशुओं से दो बाइकें टकरा गईं। हादसे में एक बाइक पर सवार पवन, ऋषभ निवासी मोहल्ला धोबियान, हर्षित निवासी खुर्जा गेट, दूसरी बाइक पर सवार गोला गंज निवासी तुषार गंभीर रूप से घायल हो गए। साथियों ने एंबुलेंस को सूचना देकर घायलों को सीएचसी बहजोई में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में पवन को रेफर कर दिया। घायलों के परिजन भी बहजोई सीएचसी पहुंच गए। परिजन पवन को मुरादाबाद स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां सोमवार की सुबह करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई। परिजनों द्वारा शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है। अन्य घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया।