संभल। जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहेगा। पुलिस के साथ पीएसी और आरएएफ के जवान मुस्तैद किए जाएंगे। ड्रोन से निगरानी की जाएगी। बृहस्पतिवार की शाम को एसपी ने पैदल मार्च कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही अधीनस्थ अधिकारियों को सतर्कता बरतने के साथ ही ड्यूटी प्वाइंट को चेक करने के निर्देश दिए हैं।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जुमे की नमाज को लेकर सतर्कता रहेगी। जिले के साथ रेंज से आई फोर्स को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। इसके अलावा पीएसी और आरएएफ के जवान मुस्तैद किए गए हैं। बताया कि जामा मस्जिद के आसपास ड्रोन से निगरानी की जाएगी। साथ ही छतों पर भी फोर्स तैनात रहेगी। आम लोगों से संवाद कर अपने अपने क्षेत्र की मस्जिद में नमाज अदा करने के लिए अपील की है। मालूम हो 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान बवाल हुआ था। जिसमें पांच लोगों की जान चली गई थी। इसी बवाल के बाद से पुलिस-प्रशासन द्वारा चौकसी बरती जा रही है।