चंदौसी। निर्वाचन अधिकारी द्वारा शहर की प्रमुख ग्रींस कॉलोनी के प्रबंधन समिति के लिए निर्वाचन हो गया है। अध्यक्ष समेत सभी पदों पर निर्विरोध पदाधिकारी चुने गए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
मुरादाबाद रोड स्थित ग्रींस कॉलोनी में डीएम द्वारा रजिस्ट्रार को निर्देशित किया गया था कि नियमानुसार ग्रींस रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी के बैनर तले उसकी प्रबंधन समिति का निर्वाचन कराया जाए। रजिस्ट्रार चिट्स एंड फंड सोसायटीज मुरादाबाद ने कॉलोनी में 2016 के बाद बनी अन्य अवैध रूप से रजिस्टर्ड सोसाइटीज को रद्द कर दिया था और सर्वप्रथम पंजीकृत ग्रींस रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी का नवीनीकरण कर उसे बहाल कर दिया।
इसके साथ ही तहसीलदार सदर संभल धीरेंद्र कुमार सिंह को निर्वाचन अधिकारी नियुक्त करते हुए शीघ्र सोसाइटी की प्रबंधन समिति का निर्वाचन कराने को कहा गया। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि रविवार को विभिन्न पदों पर एक-एक आवेदन आने पर निर्विरोध पदाधिकारी निर्वाचित किए गए। जिसमें अध्यक्ष पद पर आदेश रानी को निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इसी क्रम में उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष सविता माहौर, महासचिव अर्चना पाठक, सचिव रीता चौधरी को निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
सदस्यों में अवनीश कुमार, तृप्ति जैन, राधेश्याम श्रुति गोयल शामिल हैं। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही फूल मालाओं से स्वागत किया गया। नई चयनित प्रबंध समिति ही कॉलोनी के रखरखाव, मेंटेनेंस, सिक्योरिटी आदि के संबंध में सभी व्यवस्थाएं देखेगी।