चंदौसी। एक महिला ने युवक पर उसकी विधवा बहू और उसके दो बच्चों को कब्जे में लेकर धर्म परिवर्तन कराने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है तथा उसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। सूचना पर रात में ही हिंदू संगठन के लोग कोतवाली पहुंच गए और काफी देर तक गहमागहमी रही।
जिला मुरादाबाद थाना बिलारी की गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके बेटे का पांच साल पहले निधन हो चुका है। अब बहू और दो पोते चंदौसी में रहते हैं। एक स्थानीय युवक ने उसकी विधवा बहू को बहला फुसलाकर अपने कब्जे में ले लिया और अपने मकान में रख लिया है। आरोपी उनका धर्म परिवर्तन कराने का षड्यंत्र रच रहा है। पुलिस ने आरोपी युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। महिला भी अपने बच्चों के साथ कोतवाली पहुंच गई।
मंगलवार की रात करीब 12 बजे हिंदू संगठन के लोग भी कोतवाली पहुंच गए। वहां धर्म परिवर्तन कराने का षड्यंत्र रचने के आरोप के मामले में काफी गहमा गहमी का माहौल बना रहा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक राजू अंसारी निवासी मोहल्ला अंसारी चंदौसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक महिला की विधवा बहू से जानकारी की गई, तो उसने किसी भी तरह के धर्म परिवर्तन के दबाव अथवा आरोपी युवक द्वारा अपने कब्जे में किए जाने की बात से इंकार कर दिया है।