चंदौसी। मझावली गांव के किसानों ने 20 दिनों से कटी ट्यूबवैल की लाइन जोड़ने के नाम पर 20 हजार रुपये मांगने का आरोप जेई व लाइनमैन पर लगाया है। लाइनमैन के साथ बातचीत की एक ऑडियो वायरल हो रही है। जिसमें 15 हजार रुपये दिए जाने की बात कही जा रही है। वहीं नरौली के एक किसान से लाइनमैन द्वारा लाइन सही करने के लिए 200 रुपये लेने का वीडियो वायरल हो रहा है। दोनों ही मामलों में बिजली अधिकारियों से शिकायत की गई है।
गांव मझावली के किसान विजेंद्र सिंह, ओमप्रकाश, शमशुद्दीन, याद अली, शफीक ने अधिशासी अभियंता को दिए शिकायती पत्र में बताया कि जनेटा बिजलीघर से जुड़े जेई व लाइनमैन को रुपये नहीं देने पर 20 दिन पहले उनके ट्यूबवैल की लाइन काट दी गई थी। कई बार जेई से लाइन चालू कराने को कहा तो उन्होंने लाइनमैन से बात कर लाइन जुड़वाने को कहा। लाइनमैन से बात की तो उसने खंभा लगाने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की है। उन्होंने शिकायती पत्र में बताया कि 15 हजार रुपये दे दिए गए हैं। फिर भी अभी तक खंभा नहीं लगा है। जिससे फसल सूख गई है। उन्होंने पत्र में लाइन चालू कराने की मांग की है। इसी के साथ एक ऑडियो भी वायरल हो रही है।
वहीं नरौली निवासी कल्लू ने भी अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र दिया है। बताया कि उनका ट्यूबवैल दो दिन से बंद था। उन्होंने लाइनमैन को कई बार फोन किया। वह फिर भी नहीं आया। दो दिन बाद लाइनमैन पहुंचा, तब तक धान की पौध सूख गई थी। आरोपी ने लाइन सही करने बदले पहले पैसे मांगे। जब उसने 200 रुपये दिए तब जाकर लाइनमैन ने उनकी लाइन जोड़ी। शिकायती पत्र में कहा कि लाइनमैन को पैसे देते समय का उसके पास वीडियो भी है। एक्सईएन को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।